148वीं वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान ने रक्तदान कर बचाई महिला की जान

24

 

दैनिक रेवांचल टाइम्स मण्डला, 4 जून 2025:
148वीं वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों द्वारा कमाण्डेंट श्री विक्रांत सारंगपाणि के कुशल निर्देशन में लगातार जनसेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज एक सराहनीय पहल तब सामने आई जब एक जरूरतमंद महिला को समय पर रक्त मिल जाने से उसकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रजनी सिंग्राम, पत्नी धनेश सिंग्राम, निवासी नयागांव, थाना बिछिया, जिला मण्डला को ‘ए पॉजिटिव’ रक्त की सख्त आवश्यकता थी। जिला चिकित्सालय मण्डला के डॉक्टर प्रवीण उइके ने उन्हें तुरंत एक यूनिट ‘ए पॉजिटिव’ रक्त चढ़ाने की सलाह दी। किंतु दुर्भाग्यवश रक्तकोष (ब्लड बैंक) में इस रक्त समूह की उपलब्धता नहीं थी।

इस आपात स्थिति में अस्पताल प्रशासन द्वारा 148वीं वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल से संपर्क किया गया। तत्परता दिखाते हुए सहायक उपनिरीक्षक/जीडी राजेश कुमार यादव तत्काल चिकित्सालय पहुंचे और 4 जून 2025 को एक यूनिट ‘ए पॉजिटिव’ रक्तदान कर महिला की जान बचाई।

रक्तदान के बाद श्री यादव ने आम नागरिकों से भी नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि रक्तदान एक महान सेवा है और इससे शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह कई मामलों में स्वास्थ्यवर्धक भी होता है।

कमाण्डेंट विक्रांत सारंगपाणि ने जवान की इस सराहनीय सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीआरपीएफ न केवल देश की सुरक्षा में तत्पर है, बल्कि हर संकट में आमजन की सहायता के लिए भी हमेशा तैयार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.