सड़क के किनारे पर लग रहा मछली मार्केट
संकीर्ण मार्ग पर आवाजाही बाधित, आमजनो को हो रही परेशानी
रेवांचल टाइम्स मंडला नगर पालिका के द्वारा बाजार व्यवस्थित करने के लिए कोई प्लान तैयार नहीं किया गया। उपनगरीय क्षेत्र महाराजपुर के कॉरीकोन तिराहा से स्कूल पहुंच मार्ग पर मछली बाजार लग रहा है। यह मार्ग करीब आधा सैंकड़ा गांव को जोड़ता है। जिससे मार्ग पर आवाजाही के दौरान कई तरह की परेशानी होती है। कई बार जाम की स्थिति बनती है। इसको लेकर वार्ड पार्षद और नगर पालिका परिषद के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बताया गया है कि व्यवस्थित बाजार को लेकर नगरीय निकाय के द्वारा कोई काम नहीं किया गया है। पिछले तीन साल पहले नगर पालिका के द्वारा महाराजपुर उपनगरीय कार्यालय में सब्जी बाजार को शिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी लेकिन जमीन को लेकर आपत्ति अड़चन खड़ी हो गई। यहीं हाल कॉरीकोन तिराहा मार्ग का है। यहां सड़क पर मछली बाजार लग रहा है। मार्ग के एक ओर अतिक्रमण है दूसरी ओर कतार से दर्जनों मछली विक्रेता बैठे रहते है। कई सालो से यह बाजार लगता चला आ रहा है लेकिन नगर पालिका ने बाजार को मार्ग से हटाकर व्यवस्थित जगह उपलब्ध नहीं कराया है। इस वजह से मार्ग पर मछली बाजार लग रहा है। संकीर्ण मार्ग होने के कारण बड़े चौपहिया वाहन की आवाजाही में कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात अधिक होने की वजह बाइक सवार तक परेशान हो रहे है। मछली बाजार में पहुंचने वाले लोग भी मार्ग पर वाहन खड़े कर रहे है। ठेले वा अन्य तरह की दुकाने मार्ग के किनारे शाम होते ही सज जाती है। मार्ग के किनारे लगे ठेलो में अवैध रूप से शराब बेंची और पिलाई भी जाति है जिससे अव्यवस्था बन रही है। इसको लेकर पार्षद व नगर पालिका परिषद के द्वारा भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्कूल के सामने ठेले वालो का कब्जा
शासकीय प्राथमिक शाला कॉरीकोन के सामने अंडे,चिकिन विक्रय करने वाले के ठेले लग जाते है। शाम होते ही इस तिराहा का माहौल ही अराजकता का गढ़ बन जाता है। ठेले वाले देर रात तक दुकान चलाते है और गंदगी फैला कर चले जाते है। सुबह के समय नगर पालिका का सफाई अमला के द्वारा सफाई किया तो ठीक है। नही तो गंदगी के बीच से ही स्कूली बच्चो को स्कूल पहुंचना पड़ता है।
स्कूल के सामने ही वाहनों का लगा रहता है जमावड़ा
कॉरीकोन तिराहा से स्कूल तक यह मार्ग संकीर्ण है। इस मार्ग से आधा सैंकड़ा गांव के ग्रामीणो का आना जाना लगा रहता है। जिसके चलते बड़ी संख्या में सवारी वाहन एवं गिट्टी से भरे सैकड़ों की संख्या में ट्रेक्टरो का आना जाना लगा रहता है जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है । इसमें चौपहिया वाहन के साथ ऑटो की संख्या भी अधिक है। जो सवारी के लिए स्कूल के पास खड़े कर दिए जाते है। इससे रहवासियो को कई तरह की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस ओर नगर पालिका का कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है आमजन के द्वारा लम्बे समय से मांग की जा रही है कि मछली मार्केट को अन्य जगह विस्थापित किया जाए।