शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, ग्रामीणों में नाराजगी आंदोलन की चेतावनी

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला ग्राम पंचायत पटेहरा के पोषक ग्राम टिकरिया में शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। सांस्कृतिक रंग मंच के पास अतिक्रमणकारियों द्वारा पक्का निर्माण किए जाने की जानकारी के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने विरोध दर्ज कराया है।
ग्रामीणों व ग्राम पंचायत के सरपंच ने संयुक्त रूप से तहसीलदार को शिकायत देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि टिकरिया में कई शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा हो चुका है, जिससे सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। सांस्कृतिक रंग मंच जैसी सामुदायिक संपत्तियों पर दुकानों का निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी बाधा उत्पन्न कर रही है।ग्रामीणों का कहना है कि वे लगभग आठ महीने पहले पटवारी हल्का नंबर 27/42 खसरा नंबर 227 रकबा 2.58 हैक्टेयर की भूमि में श्रीमती राजकुमारी धुर्वे पति अषाढू लाल धुर्वे संस्कृतिक रंगमंच के सामने शासकीय भूमि पर जबरन पक्की दुकान का निर्माण किया जा रहा है जिसमे ग्राम पंचायत पटेहरा द्वारा निर्माण कार्य मे रोक लगाने संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है पर निर्माण कार्य लगातार चालू है ग्राम पंचायत 19/8/25 को अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पास किया गया है जिसमे जनपद उपाध्यक्ष सरपंच सचिव पंच और ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर सहमति दी है जबकि 29/8/25 को राजकुमारी धुर्वे पुत्र धीरेंद्र धुर्वे पुत्री प्रीति धुर्वे जो ग्रामवासियों के समक्ष हस्ताक्षर कर अतिक्रमण हटाने की सहमति दी गई थी की 7/9/25 तक अतिक्रमण नही हटाया जाता है तो ग्राम पंचायत एवं ग्रामवासियों द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाये जाने पर कोई आपत्ति नही होगी।ग्रामीण मुद्दे को लेकर प्रशासन के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की चुप्पी से अतिक्रमणकारी और साहसिक होते जा रहे हैं। कई ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव के चलते अधिकारी निष्क्रिय बने हुए हैं।
तहसीलदार से मांग की गई है कि तत्काल सभी अवैध निर्माणों को हटाया जाए और शासकीय भूमि को सुरक्षित किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक आंदोलन शुरू करेंगे और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि प्रशासन जल्द अवैध अतिक्रमण को संज्ञान लेकर ग्राम पंचायत पटेहरा की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल करेगा।
इनका कहना
अतिक्रमण हटना चाहिए जिसकी शिकायत तहसील में थाने में कई गई है पहले सहमति बनी थी लेकिन निर्माण कार्य चालू है।
कालीचरण मार्को
सरपंच ग्राम पंचायत पटेहरा
शासकीय भूमि में कई लोग काबिज है सार्वजनिक स्थल रंगमंच के बाजू से अवैध कब्जा किया जा रहा है 6 माह पूर्व तहसीदार और आर आई के द्वारा रोक लगा गया था लेकिन वर्तमान में निर्माण पुनः चालू कर दिया गया है पूरा गांव विरोध में इकट्ठा हो गया है
देवेन्द्र श्रीवास्तव
सचिव ग्राम पंचायत पटेहरा