आदिवासी सरपंच के विरुद्ध झूठे धार्मिक एजेंडे लगाकर फँसाने एवं शांति-व्यवस्था भंग करने के प्रयास कर रहा अघोषित ठेकेदार

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के विकास खण्ड नैनपुर की ग्राम पंचायत अतरिया के आदिवासी सरपंच को बदनाम करने तथा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के उद्देश्य से विनय ठाकुर और उनके साथियों द्वारा धार्मिक एजेंडा फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। यह कृत्य केवल एक व्यक्ति विशेष पर आक्षेप नहीं है, बल्कि पूरे ग्राम क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द एवं शांति-व्यवस्था को भंग करने का षड्यंत्र है। मामला में तूल जब पकड़ा तब बजरंग दल के कार्यकर्तायों ने देर रात सरपंच को फोन कर उसे बुलाया जा रहा था उसे मारने पीटने की धमकी दिया गया साथ ही व्हाट्सप ग्रुप में बजरंग दल के कार्यकर्तायों ने अपशब्दो से भरपूर आदिवासी सरपंच के खिलाफ बात कही गई जिसके चैट सोशल मीडिया में वायरल है |
यह है मामला
सूत्रो से प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अतरिया में दो जनजातीय पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को निपटाने हेतु आदिवासी पारम्परिक व्यवस्था अनुसार सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरपंच ब्रजन धुर्वे ने की और समाज के वरिष्ठ जन भी उपस्थित थे। पंचायत का उद्देश्य दोनों पक्षों को शांति और आपसी सहमति से जोड़ना था। लेकिन इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सरपंच की छवि धूमिल करने के लिए झूठे धार्मिक एजेंडा का आरोप लगाकर षड्यंत्र रचा गया। यह घटना न केवल पंचायत की गरिमा पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि समाज की एकता को तोड़ने का प्रयास भी है। समाज के लोगों का मानना है कि सरपंच ने हमेशा जनहित में कार्य किया है और यह षड्यंत्र जानबूझकर उसकी छवि खराब करने के लिए रचा गया है। मौके की तलाश में विनय ठाकुर ने सरपंच के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर धार्मिक एजेंडा का षड्यंत्र रच दिया। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत द्वारा विकास कार्यों या ठेके न दिए जाने से विनय ठाकुर नाराज़ था। इसी कारण उसने धार्मिक एजेंडा को हवा देकर समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया। पूर्व में ही विनय ठाकुर ने सरपंच और सचिव को गाली गलोच किया था जिसकी एफ आई आर पोलिस थाने नैनपुर में दर्ज है | ग्रामीण समाज का मानना है कि यह पूरी तरह सोची-समझी चाल है, जिसका उद्देश्य पंचायत की छवि खराब करना और गाँव में वैमनस्य फैलाना है। लोगों ने प्रशासन से माँग की है कि विनय ठाकुर के षड्यंत्र की जाँच कर कठोर कार्रवाई की जाए।
आदिवासी समुदाय ने बजरंग दल के खिलाफ सौंपा ज्ञापन – जमकर लगे मुर्दाबाद के नारे
वही जानकारी के अनुसार ग्राम अतरिया में हाल ही में हुई सामाजिक बैठक के दौरान सरपंच के खिलाफ रचे गए षड्यंत्र को लेकर आदिवासी समाज में रोष व्याप्त हो गया। इसी के चलते बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय ने सरपंच के समर्थन में एकजुट होकर नैनपुर तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया | समुदाय के लोगों ने तहसील मुख्यालय पहुँचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बजरंग दल की गतिविधियों पर रोक लगाने एवं माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की गई। इस दौरान आदिवासी समाज के लोग हाथों में तख्तियाँ लिए हुए थे और “सरपंच संघर्ष करो – हम तुम्हारे साथ हैं”, “बजरंग दल मुर्दाबाद”, “आदिवासी एकता ज़िंदाबाद” जैसे नारे गूँजते रहे।
वही ग्रामीणों का कहना है कि मंडला जिला पांचवी अनुसूचित क्षेत्र जिला है पूरा जिला पैसा एक्ट से घिरा है यहाँ आदिवासीयों की परम्परा और उनके रूढ़िगत व्यवस्थायों का संचालन स्वयं आदिवासी है, यहाँ बाहरी संगठनों द्वारा आदिवासी समाज की एकता को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।