नारायणगंज में ईद मिलाद उन नबी का जुलूस, सौहार्द और भाईचारे का अनोखा संदेश

 

रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले के नारायणगंज शुक्रवार को नगर में ईद मिलाद उन नबी का जुलूस बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय देते हुए जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुवार रात मदीना मस्जिद में विशेष मिलाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके बाद शुक्रवार सुबह 9 बजे मदीना मस्जिद से जुलूसे मोहम्मदिया की शुरुआत हुई।

जुलूस नगर के मुख्य मार्गों बस स्टैंड, मैली चौक, टिकरिया, कूड़ामैली होते हुए ईदगाह पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में नौ निहाल बच्चे, युवा और समाज के बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों की गूंज रही, जगह-जगह मुस्लिम भाइयों के घरों पर जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और प्रसाद वितरित किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए। थाना टिकरिया क्षेत्र के अंतर्गत पूरे मार्ग पर पुलिस की निगरानी रही। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी समुदायों के आपसी सहयोग के कारण जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
गणमान्य नागरिकों ने मुस्लिम समुदाय को ईद मिलाद उन नबी की बधाई दी और इसे समाज में भाईचारे, एकता और प्रेम का संदेश देने वाला पर्व बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.