सेमरखापा हाईस्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया

पर्यावरण संरक्षण का संदेश – फूल-मालाओं के बजाय पेन-डायरी से हुआ शिक्षकों का सम्मान
रेवाँचल टाईम्स- मंडला पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा, मंडला में शिक्षक दिवस का आयोजन 5 सितम्बर 2025 को बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार हरदहा ने की। इस अवसर पर सभी शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं छात्राएँ उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। कु. वेदिका मार्को ने अपने प्रेरणादायक गीत से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने प्रिय गुरुओं को सम्मानित किया। विशेष बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इस वर्ष फूल-मालाओं का प्रयोग न कर शिक्षकों को तिलक लगाकर, पेन एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए।
श्री सनातन प्रकाश सैनी, श्री पवन नामदेव एवं श्री कविन्द्र सुरेश्वर ने शिक्षा के महत्व, आदर्श जीवन मूल्यों और शिक्षक की समाज में भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार हरदहा ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि “शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं, जिनकी भूमिका राष्ट्र निर्माण में सबसे अहम है।” उन्होंने शिक्षकों के उत्कर्ष कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन श्रीमती अनुसूईया मार्को के विचार और आभार ज्ञापन से हुआ। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए शिक्षा में निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।
त्रैमासिक परीक्षा और मिलाद-उन-नबी अवकाश के कारण विद्यार्थियों की उपस्थिति भले ही कम रही, परंतु बच्चों और शिक्षकों का उत्साह पूरे आयोजन में झलकता रहा। अंत में नाश्ता एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।