अवैध मुर्रम परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर जब्त, कार्रवाई जारी

 

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग की टीम ने बालई पुल के पास अवैध मुर्रम परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टरों को मौके पर पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक राजस्व टीम को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन और मुर्रम परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद शनिवार देर शाम अचानक दबिश दी गई। मौके से दो ट्रैक्टर मुर्रम से भरे हुए पकड़े जाने की बात सामने आई है।

जब इस संबंध में पटवारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि “दो ट्रैक्टर पकड़े गए हैं और उनकी जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।” राजस्व विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हालांकि, जब इसी विषय पर थाना प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने अलग ही बात कही। थाने की ओर से बताया गया कि “ऐसा कोई ट्रैक्टर पुलिस थाने नहीं आया है, न ही राजस्व टीम की ओर से कोई लिखित सूचना या जब्ती की जानकारी पुलिस को दी गई है।” इस विरोधाभासी बयान ने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों में चर्चा है कि कहीं कार्रवाई सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित तो नहीं रह गई। अवैध मुर्रम खनन और परिवहन क्षेत्र में वर्षों से एक बड़ी समस्या बनी हुई है, जिससे राजस्व की हानि के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करता है या यह भी बाकी मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके।

इनका कहना है

ट्रैक्टर पकड़े गए हैं कार्यवाही चल रही है
संगम पटले
तहसीलदार नारायणगंज

Leave A Reply

Your email address will not be published.