कंप्यूटर सिस्टम वितरण से विद्यार्थियों को मिलेगा डिजिटल शिक्षा का लाभ

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले की विकास खण्ड निवास में कार्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय मण्डला द्वारा शासकीय महाविद्यालय निवास के विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं तकनीकी विकास के उद्देश्य से 15 कम्प्यूटर सिस्टम प्रदान किए गए। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मंडला संसदीय क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं निवास विधानसभा के विधायक चैन सिंह बरकडे, जबलपुर के सहायक महाप्रबंधक राजभूषण आजाद उपस्थित रहे। सांसद कुलस्ते ने कहा कि आज के समय में डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों की प्रगति के लिए आवश्यक है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों में पीछे नहीं रहेंगे। विधायक चैन सिंह बरकडे ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धन का महत्वपूर्ण साधन बनेगा। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से मंडला के मुख्य प्रबंधक आशीष मित्तल, उप प्रबंधक अमन इरपाची, प्रबंधक मुकेश झा तथा निवास शाखा प्रबंधक सुरेंद्र बोरकर शामिल हुए। बैंक अधिकारियों ने बताया कि सीएसआर गतिविधियों का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजहित के क्षेत्रों में योगदान देना है। महाविद्यालय प्रशासन ने इस सहयोग के लिए भारतीय स्टेट बैंक का आभार जताते हुए कहा कि नए कम्प्यूटर सिस्टम विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक होंगे और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा।