जनप्रतिनिधियों ने किया सीएचसी का दौरा, समस्याओं पर हुई चर्चा


अतिक्रमण हटाने और ऑनकॉल में लगे वाहन को हटाने के दिए निर्देश

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला जिले के एनक्यूएएस प्रमाणित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणगंज में हाल ही में हुए एक सड़क हादसे के बाद उपजे जनाक्रोश को शांत करने और अस्पताल में आ रही विभिन्न समस्याओं को सुलझाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और सीएचसी का समस्त स्टाफ शामिल हुआ।

बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को समाप्त कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के सामने व आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने और एक निजी वाहन, जो ऑनकॉल में लगाया गया था, को हटाने पर विशेष चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर और कांग्रेस नेता मागन लाल सोनी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें मरीजों व परिजनों के साथ बेहतर व्यवहार, समय पर उपचार उपलब्ध कराना और अस्पताल में मौजूद दवाओं का वितरण शामिल रहा।

सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने समस्त स्टाफ को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मरीजों के साथ विनम्रता से पेश आएं और अनावश्यक परेशानियां न खड़ी करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखी जाएं, बल्कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही दी जाएं।

बैठक में निर्णय लेते हुए ऑनकॉल में लगे राजेश अग्रवाल का वाहन तत्काल हटाने और अस्पताल परिसर व आसपास के अतिक्रमण को हटाने के लिए स्थानीय सरपंच, तहसीलदार और एसडीएम को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।

जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के बीच हुई इस अहम बैठक से उम्मीद है कि अस्पताल के प्रवेश द्वार और आसपास का क्षेत्र जल्द ही साफ-सुथरा होगा, जिससे मरीजों और एंबुलेंस को आसानी से आवाजाही में सुविधा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.