स्कूल में बड़ा हादसा टला अचानक गिरा छत से प्लास्टर, बाल-बाल बचे छात्र व कर्मचारी

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मण्डला विकासखंड नारायणगंज के ग्राम टिकरिया स्थित सीएम राइज शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल समय के दौरान अचानक भवन की छत से प्लास्टर भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा, वहां उस समय कोई छात्र या कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इससे किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
सी एम राइज में करीब 600 छात्र-छात्राओं वाला यह विद्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों व स्कूल प्रबंधन का कहना है कि भवन की समय-समय पर मरम्मत जरूरी है, मगर विभागीय लापरवाही के कारण इसकी लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे पहले भी इसी प्रकार की घटना घट चुकी है, तब मरम्मत की गई थी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।उल्लेखनीय है कि करोड़ों की लागत से नया सीएम राइज स्कूल भवन निर्माणाधीन है, लेकिन निर्माण कार्य की गति अत्यंत धीमी है, जिसके कारण छात्र-छात्राएं अब भी पुराने, असुरक्षित भवन में पढ़ने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों व अभिभावकों ने जनजाति कार्य विभाग से मांग की है कि पुराने भवन की तकनीकी जांच और तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
अब सवाल उठता है कि क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतज़ार किया रहा है
या समय रहते सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
इनका कहना
यह बिल्डिंग पुरानी है, जिसकी मरम्मत की आवश्यकता है विद्यालय प्रबंधन द्वारा वरिष्ठ कार्यालय को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक आवश्यक मरम्मत कार्य नहीं हो पाया। हम ईश्वर का आभार मानते हैं कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, किंतु भवन की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी है।”
अर्चना नेमा प्राचार्य
सी एम राइज नारायणगंज