किशोरावस्था में जागरूकता जरूरी – संतुलित आहार व आत्मसंयम पर दिया जोर

 

पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा में वन स्टॉप सेंटर द्वारा जागरूकता शिविर

रेवांचल टाईम्स – मंडला महिला एवं बाल विकास विभाग मंडला के तत्वावधान में वन स्टॉप सेंटर मंडला द्वारा पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा, मंडला में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में प्रशासक मधुलिका उपाध्याय एवं विधिक केस वर्कर प्रभा पाण्डेय ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि लड़कों की आवाज़ मोटी होना और लड़कियों में विभिन्न परिवर्तन होना स्वाभाविक प्रक्रिया है। इस दौरान बच्चों को सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है।

एनीमिया की रोकथाम व संतुलित आहार पर जानकारी देते हुए बताया गया कि –
लड़कों एवं लड़कियों में हीमोग्लोबिन का स्तर कितना होना चाहिए।
आयरन की गोली और एल्बेंडाजोल का सेवन क्यों आवश्यक है।
स्वच्छता का महत्व – नाखून बड़े न रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
हरी सब्ज़ियां, फल, दही, मुनगा की पत्तियां एवं रेशेदार भोजन नियमित रूप से खाने पर जोर।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार हरदहा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा –
“स्वस्थ रहने के लिए हरी सब्ज़ियों का नियमित सेवन करें। किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तन स्वाभाविक हैं, इन्हें लेकर विचलित होने की आवश्यकता नहीं है। इस अवस्था में अपने आप को संयमित रखें, कोई गलत कदम न उठाएँ और न ही किसी के बहकावे में आएँ। हर परिस्थिति में अपने परिवार, बड़ों एवं शिक्षकों से परामर्श अवश्य लें।”

इस अवसर पर संस्था से अनुसूईया मार्को, प्रभात मिश्रा, एहतेशाम नूर, प्रतिभा झरिया, सनातन प्रकाश सैनी एवं ऋतु पटैल उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.