अतिक्रमण हटाने में प्रशासन की खानापूर्ति, दो में से एक दुकान ही तुड़वाई
ग्रामीणों में नाराज़गी, उठे सवाल – क्या प्रशासनिक कार्रवाई पूरी हुई?

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज,मंडला ग्राम टिकरिया में शासकीय भूमि पर हुए अवैध निर्माण को हटाने के मामले में नारायणगंज तहसील प्रशासन की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। तहसीलदार कार्यालय से जारी आदेश (पत्र क्रमांक 123/तह.शी-1/2025, दिनांक 08 सितंबर 2025) के अनुसार ग्राम टिकरिया, पटवारी हल्का क्रमांक 42 में खसरा नंबर 227, रकबा 0.0730 हेक्टेयर भूमि पर बनाई गई अवैध दुकानों को हटाने का निर्देश दिया गया था।
सूत्रों के जानकारी अनुसार, यहां दो पक्की दुकानों का निर्माण हुआ था, जो पूरी तरह शासकीय भूमि पर अवैध रूप से खड़ी थीं। बावजूद इसके, प्रशासन की टीम ने मौके पर सिर्फ एक दुकान तोड़कर खानापूर्ति कर दी, जबकि दूसरी दुकान जस की तस खड़ी रही। अधूरी कार्रवाई से ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी है।
ग्रामीणों का कहना है कि देवी स्थल के सामने इन दुकानों का निर्माण उनकी धार्मिक आस्था से भी जुड़ा मामला है। लंबे समय से शिकायतें, ज्ञापन और न्यायालय के आदेश के बाद कार्रवाई संभव हो पाई, लेकिन अधूरी कार्रवाई ने अब नए विवाद को जन्म दे दिया है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब आदेश में स्पष्ट लिखा है कि शासकीय भूमि से पूरा अतिक्रमण हटाया जाए, तो दूसरी दुकान क्यों छोड़ दी गई?
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर बची हुई अवैध दुकान भी नहीं हटाई गई तो वे बड़े स्तर पर विरोध करेंगे। इस बीच, ग्रामीणों द्वारा लगाई गई CM हेल्पलाइन की शिकायत को कटवाने के लिए दबाव बनाए जाने की भी चर्चा है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति और आक्रोश बढ़ गया है।
प्रशासन की इस आधी-अधूरी कार्रवाई ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाज़ार गर्म कर दिया है। लोग इसे प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव और अफ़सरों की लापरवाही से जोड़कर देख रहे हैं।
इनका कहना
वहां पर दो दुकान अवैध बनाई गई थी जिसमें से एक को ही प्रशासन द्वारा हटाया गया है इस अधूरी कार्यवाही से मैं संतुष्ट नहीं हूं
लक्ष्मण परते ग्रामीण टिकरिया
एक ही दुकान का अतिक्रमण हटाया गया है कार्यवाही के दौरान कोई महिला पुलिस मौके पर नहीं घर की महिलाएं कार्यवाही में हस्तक्षेप कर रही थीं प्रशासन द्वारा अधूरी कार्यवाही की गई है
कालीचरण मार्को
सरपंच पटेहरा ग्राम पंचायत