खाद वितरण केन्द्र में हंगामा, नशे में धुत व्यक्ति ने किया उपद्रव, पुलिसकर्मियों से झपटी
रेवांचल टाईम्स । महुहा टोला स्थित खाद वितरण केन्द्र पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब लाइन में लगे किसानों के बीच एक शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, डोडौ निवासी प्रभुदयाल कोल (51) पिता बृजलाल कोल खाद वितरण केन्द्र पर पहुंचे और वहां खड़े किसानों को बरगलाने लगे। आरोप है कि प्रभुदयाल कोल अत्यधिक नशे में था और किसानों को उकसाकर झगड़ा कराने की कोशिश कर रहा था। देखते ही देखते कतार में खड़े किसानों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
हालात बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। जब पुलिसकर्मी ने आरोपी को समझाने की कोशिश की तो उसने पुलिस से झपटी कर दी। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ डाली, डोरी और चश्मा भी तोड़ डाले।
भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने आरोपी को तत्काल काबू में लेकर थाने पहुंचाया। जवा पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और शांति भंग की आशंका को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। बाद में नशे की हालत में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
किसानों का कहना है कि वे सुबह से लाइन में लगे थे, लेकिन नशे में धुत सामाजिक तत्व ने धक्का देकर विवाद की स्थिति बनाई।