साधारण परिवार की बेटी ने मेहनत और लगन से बढ़ाया मंडला का मान

बीजाडांडी के उप डाकपाल की बेटी ने पीएससी में हासिल की बड़ी सफलता

रेवाँचल टाईम्स – मंडला जिले की होनहार बेटी कुमारी एलिसा सिंगौर ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पी.एस.सी.) परीक्षा-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर वाणिज्य कर निरीक्षक (Commercial Tax Inspector) के पद पर सफलता अर्जित की है।

एलिसा, लेखराम सिंगौर की सौपौत्री , पिता राकेश सिंगौर एवं माता श्रीमती सविता सिंगौर की पुत्री हैं। ग्राम सकवाह कला, बम्हनी बंजर, जिला मंडला निवासी हैं।

वही जानकारी के अनुसार पिता राकेश सिंगौर भारतीय डाक विभाग में बीजाडांडी उप डाकघर पर उप डाकपाल के छोटे से पद पर कार्यरत हैं। साधारण पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद एलिसा ने यह उपलब्धि हासिल कर परिवार और पूरे समाज का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कक्षा 12 तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से प्राप्त की। प्रशासनिक सेवाओं में जाने का संकल्प लेकर उन्होंने कठोर परिश्रम किया। एलिसा ने पीएससी मेंस परीक्षा में 738 अंक प्राप्त किए। हालाँकि इंटरव्यू में अपेक्षा से कम (92) अंक मिलने के कारण रैंक प्रभावित हुई और सामान्य श्रेणी से चयन हुआ। यदि उन्हें ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) आरक्षण का लाभ मिलता तो और भी सम्मानजनक पद प्राप्त हो सकता था।

फिर भी, यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले और समाज के लिए गर्व का विषय है। एलिसा का लक्ष्य अभी और ऊँचा है। वे निरंतर परिश्रमरत हैं और भविष्य में और बड़ी सफलता प्राप्त करने के लिए संकल्पित हैं।

यह सफलता न केवल मंडला जिले बल्कि पूरे आदिवासी अंचल के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
दादीजी, नाना- नानी जी मामा-दादा, सहेलियाँ, क्लासमेट एवं रिश्तेदारों आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.