प्रो. यशवंत राव केलकर की स्मृति में हरित-संकल्प अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के विकास खंड बिछिया में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) एवं स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (SFD) बिछिया इकाई के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय स्नातक महाविद्यालय बिछिया में प्रो. यशवंत राव केलकर की स्मृति में हरित-संकल्प अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य भावना बाबरा, डॉ. रेखा पटेल, प्राध्यापक चेन सिंह मरावी, सुनील अहिरवार, प्राध्यापिका पुष्पा उइके एवं परिषद के पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य भावना बाबरा ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। डॉ. रेखा पटेल ने कहा कि आज के दौर में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है और युवाओं को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी होगी।
एबीवीपी नगर मंत्री अक्षय राजपूत ने कहा कि प्रो. यशवंत राव केलकर विद्यार्थी परिषद के वैचारिक स्तंभ रहे हैं, उनकी स्मृति में किया गया यह अभियान युवाओं को समाज एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास है। नगर सह मंत्री लक्की गोस्वामी, नगर SFD प्रमुख शिवांशु चक्रवर्ती, नगर SFS प्रमुख अजय धारवैया एवं नगर SFS सह प्रमुख कन्हैया राजपूत ने भी अपने विचार रखते हुए युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षण देने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में परिषद कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर परिसर को हरियाली से आच्छादित करने और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।