केहरपुर में स्वच्छता अभियान और शंकर शाह-रघुनाथ शाह दिवस का आयोजन
दैनिक रेवांचल टाइम्स मण्डला। केहरपुर में 18 सितंबर 2025 को सरपंच सतवन्त सिंह उलारी के नेतृत्व में स्वच्छता ही सेवा अभियान के दूसरे दिन ग्राम पंचायत क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई एवं सेग्रीगेशन कचरा घर की सफाई कार्य संपन्न हुआ। इस अभियान में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान किया।
सफाई अभियान के पश्चात शासकीय हाई स्कूल केहरपुर तथा पंचायत प्रांगण में गोंडवाना साम्राज्य के वीर नायक राजा शंकर शाह एवं उनके पुत्र रघुनाथ शाह का शहादत दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरपंच सतवन्त सिंह उलारी, प्राचार्य धनीराम मरावी एवं वरिष्ठ नागरिकों ने ग्रामवासियों तथा छात्र-छात्राओं को राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के साहस व बलिदान की गाथा सुनाई। वक्ताओं ने बताया कि कैसे अंग्रेजों ने दोनों को तोप से बांधकर क्रूरतापूर्वक शहीद कर दिया, किंतु उनके अदम्य साहस और बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम में नई ऊर्जा भर दी।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इन महान बलिदानियों से हमें देशभक्ति, त्याग और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस आयोजन ने न केवल छात्रों और ग्रामवासियों को इतिहास से जोड़ा बल्कि उन्हें राष्ट्रप्रेम की भावना से भी ओत-प्रोत किया।
इस अवसर पर सरपंच सतवन्त सिंह उलारी, सचिव संतोष ठाकुर, प्राचार्य धनीराम मरावी, चंद्रकाली भाँवरे (मोबिलाइजर), सुनील कार्तिकेय, राजकुमार भाँवरे, सनीष बाजपेई, दिनेश त्रिवेदी, अभिषेक नागवंशी, जितेंद्र परते,जितेंद्र तिलगाम, राजाराम तिलगाम, ओमकार तिलगाम, रवि धुर्वे, सुकेश उइके,पंचम कुडापे, राजेश कुडापे, राहुल परते, सुजल, बिहार भंवरे सहित ग्रामवासी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।