अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य को हटाने की करी मांग
समस्त विद्यार्थियों के साथ अभाविप ने शासकीय स्नातक महाविद्यालय नैनपुर में की तालाबंदी, प्राचार्य का किया पुतला दहन
रेवाँचल टाईम्स – मंडला जिले के नैनपुर में शासकीय स्नातक महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा प्राचार्य जी.सी मेश्राम के दिए कथन के विरोध में प्राचार्य का पुतला दहन एवं महाविद्यालय में तालाबंदी कर समस्त छात्र-छात्राओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए अपना प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय कला मंच के द्वारा विगत कुछ वर्षों से नवरात्रि के शुभ अवसर पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी गरबा महोत्सव को आयोजन होना था जिसकी अनुमति महाविद्यालय के प्राचार्य से लेने महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं पहुंचे इसी दौरान प्राचार्य जी सी मेश्राम के द्वारा कहा गया कि – मैं पूजन नहीं करता मेरी भगवान में आस्था नहीं है मैं भगवान को नहीं मानता और गरबा के आयोजन की अनुमति नहीं देता इस बात से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के मन में ठेस पहुंची। विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री रविंद्र यादव ने बताया कि विद्यार्थी परिषद के द्वारा महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व में भी ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन प्राचार्य के द्वारा छात्र हित का ध्यान नहीं रखा जा रहा है जिससे छात्र-छात्राओं का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। विद्यार्थी परिषद मांग करता है कि जल्द से जल्द महाविद्यालय के प्राचार्य को हटाया जाए और यदि यह मांग जल्द से जल्द पूरी नहीं की जाती है तो विद्यार्थी परिषद के द्वारा आगामी समय में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।