सिद्ध दुर्गात्सव समिति की मातृशक्तियों ने चढ़ाया सिंगार

रेवाँचल टाईम्स – मण्डला, जिले के श्री सिद्ध सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति बड़ी खैरी ने इस वर्ष अपने 54वें स्थापना वर्ष पर आस्था का अद्भुत आयोजन किया है। मातृशक्तियों द्वारा माँ दुर्गा को सिंदूर सिंगार और पूजन अर्पण किया गया। सिंदूरदान के इस विशेष अनुष्ठान में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक परिधान में शामिल हुईं।
वही शंख-घंटियों की गूंज, ढोल-नगाड़ों की थाप और जय माता दी के जयकारों के बीच माहौल भक्तिमय हो उठा। समिति ने इस बार विद्या महाशक्ति पीठ की थीम पर माता के दस दिव्य स्वरूप स्थापित किए हैं, मां धूमावती, मां कमला, मां काली, मां बगलामुखी, मां मातंगी, मां तारा, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां षोडशी और मां छिन्नमस्ता की स्थापना यहां की गई है। जहां पर विधि विधान से पूजन पाठ किया जा रहा है। भक्तों को दुर्लभ दर्शन का अवसर मिला है। हर वर्ष की तरह इस आयोजन में युवा वर्ग, बुजुर्ग और मातृशक्ति ने विशेष सहयोग दिया है। भव्य सजावट, मनमोहक रोशनी और अद्भुत भक्ति वातावरण ने बड़ी खैरी के इस दुर्गा उत्सव को अविस्मरणीय बना दिया। माँ दुर्गा के प्रति अटूट आस्था और परंपरा का यह अद्भुत संगम न केवल बड़ी खैरी बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है। हजारों की संख्या में प्रतिदिन लोग दर्शन करने पहुंच रहे हैं यहां पर मेला प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया है। जहां पर आकर्षक झूले लगे हुए हैं। आज रात्रि 8 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया है।