एकता की शक्ति! छिंदवाड़ा में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन, राष्ट्रीय एकता दिवस पर गूंजा देशभक्ति का जयघोष
सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में, पुलिस और नागरिकों ने भरी 'एकता की दौड़'

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करते हुए, राष्ट्रीय एकता दिवस आज (31 अक्टूबर 2025) के अवसर पर छिंदवाड़ा पुलिस ने ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का एक भव्य और सफल आयोजन किया। यह खास आयोजन भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित था, जिनके अद्वितीय योगदान से देश एक सशक्त और अखंड राष्ट्र बना।
सांसद विवेक साहू ने दिलाई एकता की शपथ, दिखाई हरी झंडी
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा के सांसद विवेक (बंटी) साहू उपस्थित रहे। सांसद साहू ने न सिर्फ सभी उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई, बल्कि हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ भी किया।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में सांसद ने कहा कि सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार थे। उन्होंने उपस्थित सभी नागरिकों से आह्वान किया कि “हम सबके संगठित प्रयासों से भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना है, यही प्रेरणा हमें सरदार पटेल के आदर्शों से मिलती है।”
दौड़ में उमड़ा जनसैलाब शहर में गूंजा एकता का संदेश
यह एकता दौड़ पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों मानसरोवर कांप्लेक्स,जेल तिराहा,फवारा चौक,दशहरा मैदान ईएलसी चौक पुलिस लाइन गेट) से गुजरी और पुनः पुलिस ग्राउंड पर संपन्न हुई।
इस दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी,पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी
गणमान्य नागरिक
ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। यह जनसैलाब शहर को एकता, अखंडता और समरसता के संदेश से सराबोर कर गया।
प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक राकेश सिंह, जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, सीएसपी, डीएसपी और पुलिस विभाग के सभी प्रमुख अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
छिंदवाड़ा पुलिस का आह्वान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा। पुलिस ने सभी नागरिकों से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
जिले के सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में भी ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों की भागीदारी ने पूरे जिले में उत्साह, ऊर्जा और देशभक्ति का अद्भुत माहौल निर्मित किया।