बाबा के प्रेमी पहुंचे श्री श्याम महोत्सव में, मधुर संगीत में झूमते नजर आए श्यामप्रेम

रेवांचल टाईम्स – मण्डला, खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर तृतीय श्री श्याम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन प्रवाक्तिका रेश्मी शर्मा समस्तीपुर, भजन प्रवाचक इन्द्रेश तलरेजा मंडला ने शानदार मधुर संगीत से भक्तों का मन मोह लिया। वहीं निर्मल म्यूजिकल ग्रुप ने शानदार धुनो से अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर श्री खाटू श्याम की लीलाओं एवं भजनों पर अनेक प्रस्तुति हुई। नगर के चौपाटी के सामने आयोजित श्री श्याम महोत्सव में हजारों की संख्या में महिला और पुरूष शामिल हुए देर रात तक महोत्सव का आयोजन चलता रहा। यहां पर खाटू श्याम की भव्य महाआरती की गई इस दौरान भव्य दरबार सजाया गया वहीं पुष्पवर्षा करते हुए 56 भोग भी लगाया गया। तो दूसरी तरफ इत्र वर्षा से पूरा वातावरण सुंगधित हो उठा। वहीं इस दौरान श्याम रसोई में परोसे गए भोजन को धर्मप्रेमियों ने ग्रहण किया। यहां पर लोगों ने बाबा को घी का हवन अर्पण करते हुए सुख शांति की कामना की। आयोजकों ने बताया कि श्री श्याम बाबा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में यह तृतीय कार्र्यक्रम है। आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम शुक्रवार की देर रात मंडला में देखने को मिला जब बाबा खाटू श्याम का दिव्य दरबार सजाया गया। देर रात तक चले इस भव्य आयोजन में श्याम प्रेमियों का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचे और संगीतमय भजन संध्या में भाव-विभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में माथा टेका पूजन-अर्चन किया और भक्तों के बीच बैठकर कार्यक्रम की सराहना की। आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और भक्ति संगीत से सजाया था। देर रात तक श्याम भजनों की गूंज वातावरण में बनी रही। भक्तों ने कहा कि ऐसा दिव्य आयोजन मंडला में तीसरी बार देखने को मिला है जिसने पूरे शहर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संगीतमय भजन संध्या, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक मंडली ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के समापन पर भक्तों ने सामूहिक आरती कर बाबा से प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, समाजसेवी के साथ श्यामप्रेमी उपस्थित रहे।