भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर परियोजना बजाग में भव्य कलश यात्रा का आयोजन

रेवाँचल टाईम्स – बजाग जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना बजाग द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा सहयोगिनियों एवं स्थानीय समुदाय की उल्लेखनीय भागीदारी रही। यात्रा का शुभारंभ पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, नृत्य और जनजातीय गीत-संगीत के साथ हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना दिया।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अमर बलिदान, संघर्ष और समाज सुधार के योगदान को नमन किया।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय नायकों की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुँचाना एवं आदिवासी संस्कृति, परंपराओं व सामाजिक एकता के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

कलश यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही और यह आयोजन जनजातीय स्वाभिमान, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.