मंडला में भीषण सड़क हादसा: बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौत, एक गंभीर

मंडला। मवई क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक सालिकराम धुर्वे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भजनकुमार धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ग्राम ढाबा समनापुर (जिला डिंडौरी) के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सालिकराम पिता रामकुमार धुर्वे और भजनकुमार पिता लालसिंह धुर्वे मोटरसाइकिल (एमपी 52 जेड ए 9732) से सारस डोली से मवई की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक भारी वाहन को साइड देने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़े रहे।

तड़के करीब चार बजे राहगीरों की नजर घटना पर पड़ी और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को उपचार के लिए मवई अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान सालिकराम ने दम तोड़ दिया, जबकि भजनकुमार की हालत अभी भी अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.