सेवा संकल्प का कोई विकल्प नहीं……अवधराज

भाजपा कार्यालय में एसआईआर मतदाता पुनरीक्षण को लेकर विशेष समीक्षा बैठक

18

रेवाँचल टाईम्स – मंडला भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शुक्रवार एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश संगठन की मंशानुसार व जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भारत माता तथा पार्टी के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण से की गई। तत्पश्चात वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डिंडोरी अवधराज बिलैया का शॉल, श्रीफल व पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। बैठक में जिले के प्रभारी के रूप में अवधराज बिलैया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, पूर्व विधायक देव सिंह सैयाम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य संजय कुशराम, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय आनंद मरावी, रामप्यारे कुलस्ते सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता अवधराज बिलैया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पार्टी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि “मैं यहां मार्गदर्शक के रूप में नहीं, सहयोगी कार्यकर्ता के रूप में आया हूं”। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा ही संकल्प है और संकल्प का कोई विकल्प नहीं”।
बिलैया ने फर्जी मतदाताओं को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और कहा कि हर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर जानकारी जुटाए कि किसका नाम हट गया है, किसका जोड़ना आवश्यक है और कहीं बीएलओ की ओर से गलत नाम तो नहीं जुड़ रहे हैं।
वहीं जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने मंडला जिले में अब तक हुए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मंडला विधानसभा में लगभग 88 प्रतिशत, बिछिया में 98 प्रतिशत और निवास विधानसभा में 94 प्रतिशत (एसआईआर) कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि जैसे चुनाव के समय कार्यकर्ता पूरी मेहनत करते हैं, उसी तरह इस अभियान में भी समर्पित होकर कार्य करें। प्रशासन के साथ सामंजस्य बनाते हुए हर योग्य मतदाता का नाम सूची में जुड़े यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य संजय कुशराम ने बंगाल का उदाहरण देते हुए सतर्कता बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि “मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है। यदि मतदाता सूची ही सही नहीं होगी तो जनादेश कैसे सही आएगा?” उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि “वहां फर्जी मतदाताओं के कारण लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती रही है, इसलिए हमें समय रहते सतर्क रहकर ऐसा होने से रोकना होगा।”उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि एक-एक बूथ को मजबूत करते हुए हर पात्र व्यक्ति का नाम सूची में जोड़ा जाए ताकि लोकतांत्रिक अधिकार पर कोई अंकुश न लगे।
पूर्व विधायक देव सिंह सैयाम ने प्रवास पर जाने वाले मतदाताओं की चिंता जताते हुए इनके नाम सुनिश्चित रूप से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा रोजगार, शिक्षा व कामकाज के लिए बाहर पलायन कर रहे हैं। ऐसे कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूट जाते हैं।”उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि ऐसे प्रवासी मतदाताओं की पूरी जानकारी जुटाकर उनके नाम को मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य सिर्फ संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि वास्तविक और पात्र मतदाता तक लोकतंत्र को पहुँचाना है।
मंच का संचालन जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं(एसआईआर) प्रभारी जयदत्त झा ने किया तथा आभार नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने व्यक्त किया।
बैठक में जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष,महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व संयोजक, (एसआईआर) प्रभारी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, जनपद व नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.