माँ शारदा जी जन्मोत्सव पर्व पर विशाल संत समागम का भव्य आयोजन

रेवांचल टाइम्स मंडला श्री रामकृष्ण सेवा आश्रम, ग्राम देवदरा मंडला में आज माँ शारदा जी के पावन जन्मोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में भव्य एवं ऐतिहासिक संत समागम का आयोजन किया गया। आश्रम के संचालक श्री शारदातमानंद महाराज जी के सान्निध्य में आयोजित इस दिव्य कार्यक्रम में मंडला–डिंडोरी जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों के संत-महात्माओं, स्थानीय नागरिकों, मातृशक्ति, बुजुर्गों तथा बच्चों ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई। इसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए वेदोत्तरी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर, माउंटफोर्ट स्कूल सहित कई विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने वेद, संस्कृति, भारतीय दर्शन तथा अध्यात्म से जुड़े प्रश्नों के प्रभावी उत्तर देकर सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए माउंटफोर्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के बाद संत समागम का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसमें अमरकंटक, देवगांव, डिंडोरी, मुड़की, घाघी, सिंगारपुर, बिलगड़ा, जोगी टिकरिया, पश्चिम बंगाल तथा क्षेत्र के अन्य आश्रमों से पधारे अनेक संत महात्माओं ने अपनी पावन उपस्थिति प्रदान की। आश्रम परिसर में आयोजित इस अद्वितीय आध्यात्मिक मिलन में संतों ने माँ शारदा जी के जीवन, शिक्षाओं तथा सनातन संस्कृति में उनके योगदान पर अपने प्रेरणादायी विचार रखे। उपस्थित श्रद्धालुओं ने संतों के उपदेशों को बड़े ध्यान से सुना और उनके मार्गदर्शन से अपने जीवन को आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करने की प्रेरणा प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर आश्रम की परंपरा अनुसार विशाल भंडारे प्रसादी का वितरण किया गया। पहले संत-महात्माओं को ससम्मान प्रसादी अर्पित की गई, तत्पश्चात क्षेत्र के विभिन्न गाँवों और शहरों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं माताओं, बहनों, बुजुर्गों तथा बच्चों सभी ने भंडारे का पवित्र प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सभी के लिए स्वादिष्ट, सात्त्विक एवं पारंपरिक व्यंजनों की व्यवस्थाएँ विशेष रूप से की गई थीं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए आश्रम के सेवादारों, ग्रामीणों तथा भक्तों ने रात-दिन मेहनत कर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सौहार्द का अद्भुत वातावरण बना रहा। माँ शारदा जी के जन्मोत्सव पर्व पर आयोजित यह विशाल संत समागम न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ, बल्कि इससे समाज में सांस्कृतिक जागरूकता, वैदिक ज्ञान-विस्तार और सेवा-परंपरा को भी नया आयाम मिला।इस प्रकार, देवदरा स्थित श्री रामकृष्ण सेवा आश्रम में मनाया गया यह पावन उत्सव क्षेत्रवासियों के लिए अविस्मरणीय बना रहा, जिसने माँ शारदा जी के उपदेशों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका रही।