पूंजीपति के दबाव में झुका प्रशासन? …..पटवारी संघ का कलेक्टर पर गंभीर आरोप
रेवांचल टाइम्स – मंडला। जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिला पटवारी संघ ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा पर प्रभावशाली उद्योगपति के इशारे पर एक पटवारी को प्रताड़ित करने का खुला आरोप लगाया है। संघ ने इसे पूंजीपतियों के दबाव में प्रशासन के झुकने का प्रमाण बताया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
घटनाक्रम की शुरुआत निकटवर्ती चटुआमार गांव से जुड़ी है, जहां पटवारी संदीप कुशवाह के रिश्तेदार की जमीन के ठीक सामने मंडला कटरा के उद्योगपति संजय तिवारी की भूमि स्थित है। आरोप है कि उद्योगपति उक्त जमीन खरीदना चाहते हैं, लेकिन संबंधित परिवार बेचने को तैयार नहीं है। इस असहमति के बाद कथित तौर पर दबाव बनाने के लिए उद्योगपति ने प्रशासन का सहारा लिया।
जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष गीतू बैरागी ने बताया कि लगभग तीन महीने पूर्व पटवारी संदीप कुशवाह को निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के पीछे की वजह बताई गई कि ‘कलेक्टर साहब की इच्छा है’। इस कार्रवाई से पटवारी मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान हो गए और हाल ही में सोशल मीडिया पर एक मार्मिक अपील जारी की, जिसमें उन्होंने स्वयं को बचाने की गुहार लगाई।
इस अपील के बाद पटवारी संघ, सामाजिक कार्यकर्ता और कुछ अधिकारियों ने त्वरित हस्तक्षेप किया, जिसके फलस्वरूप पटवारी को तत्काल बहाल करने के आदेश जारी कर दिए गए। गुरुवार शाम को संघ अध्यक्ष गीतू बैरागी के नेतृत्व में पटवारियों का एक दल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और अतिरिक्त कलेक्टर राजेंद्र सिंह से मिले और आरोप लगाया कि कलेक्टर शहर के एक प्रभावशाली उद्योगपति के दबाव में छोटे कर्मचारी को अनुचित रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो शीघ्र ही जिले भर के पटवारी एकजुट होकर कलेक्टोरेट का घेराव करेंगे और उद्योगपति के खिलाफ पुख्ता सबूत प्रशासन को सौंपेंगे। बैरागी ने कहा कि प्रशासन द्वारा पूंजीपतियों के इशारे पर कार्य करना लोकतंत्र और न्याय की भावना के विरुद्ध है।
जब इस संबंध में कलेक्टर सोमेश मिश्रा से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला उनके स्तर का नहीं है, पटवारी को एसडीएम द्वारा निलंबित किया गया था और मामले की जानकारी लेकर वे आगे देखेंगे। वहीं एसडीएम सोनल सिडाम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।