अधीक्षण अभियंता शिववंशी को पेंशनर्स समाज ने दी भावभीनी विदाई
विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज का गरिमामयी आयोजन; 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री के नाम सौपेंगे ज्ञापन
छिंदवाड़ा (रेवांचल टाइम्स)। विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज छिंदवाड़ा द्वारा अधीक्षण अभियंता खुशियाल शिववंशी के जबलपुर स्थानांतरण होने पर उनके सम्मान में श्रम कल्याण केंद्र में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर शिववंशी के कार्यकाल की सराहना की।
*सम्मान और आत्मीयता का संगम*
समारोह के दौरान अधीक्षण अभियंता शिववंशी का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं के रूप में ओ.पी. पाण्डेय, एस.जी. माकडे़, जे.एस. सेंगर, सी.बी. माथनकर, पूरनदयाल पालीवाल और मनोहर राउत ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिववंशी ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल विभागीय दायित्वों को बखूबी निभाया, बल्कि सामाजिक, धार्मिक कार्यों और विशेषकर पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण में भी अभूतपूर्व सहयोग प्रदान किया। उपस्थित सदस्यों ने उनके उज्जवल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
*शिववंशी ने जताया आभार*
अपने विदाई उद्बोधन में शिववंशी ने भावुक होते हुए कहा कि छिंदवाड़ा में बिताया गया समय उनके लिए स्मरणीय रहेगा। उन्होंने पेंशनर्स समाज द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी वे हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में देवानंद निकाजू ने सभी उपस्थित जनों का आभार प्रदर्शन किया।
*23 दिसंबर को रैली और प्रदर्शन की तैयारी*
विद्युत मंडल पेंशनर्स समाज ने इसी कार्यक्रम के माध्यम से आगामी रणनीति की भी जानकारी साझा की। संगठन द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर 23 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
स्थान राजीव गांधी बस स्टॉप (महाराणा प्रताप चौक)
समय: दोपहर 2:00 बजे
मुख्य उद्देश्य पेंशनरों की समस्याओं का निराकरण।
समाज के पदाधिकारियों ने समस्त पेंशनर्स साथियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में एकत्र होकर इस रैली और मांग पत्र कार्यक्रम को सफल बनाएं।