बुलेट से ‘पटाखा’ फोड़ना पड़ा भारी: छिंदवाड़ा पुलिस ने युवक को सिखाया सबक, काटा 5000 का चालान

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा|अगर आप भी अपनी बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर शोर मचाते हैं या पटाखे फोड़ते हैं, तो सावधान हो जाइए। देहात थाना पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एक युवक का ₹5000 का चालान काटा है।
*​पुलिस की पैनी नजर*
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिले भर में यातायात नियमों के उल्लंघन और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन पर देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने टीम के साथ चेकिंग के दौरान बुलेट क्रमांक (WB-20-AP-1090) को रोका।
*​नियमों का उल्लंघन पड़ा महंगा*
जांच में पाया गया कि चालक अभिषेक चौकसे (29 वर्ष), निवासी गुरैया, ने अपनी बाइक में तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रखा था, जिससे वह पटाखे फोड़कर राहगीरों को परेशान कर रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5000 रुपये का जुर्माना वसूला और युवक को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी गलती न दोहराए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.