साइकिल सवार तीन नाबालिग बच्चों को बाइक ने मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर
दैनिक रेवांचल टाइम्स – डिंडोरी जिले के बजाग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नीम टोला के समीप गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में साइकिल से मड़ई जा रहे तीन नाबालिग बच्चे घायल हो गए। घटना शाम साढ़े पांच बजे के लगभग हुई जब सिंगारसती मड़ई से ही लौट रहे एक बाइक सवार ने साइकिल सवार तीनों बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में तीनों बच्चे घायल हो गए, जिन्हें मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग पहुंचाया गया। इनमें से एक बालक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों में अविनाश पिता ओम दास (उम्र 13 वर्ष) की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि पंच कुमार पिता प्रताप (उम्र 14 वर्ष) और दर्शन पिता कमल यादव (उम्र 13 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं। तीनों बच्चे ग्राम टिकरा टोला के निवासी हैं और नववर्ष के अवसर पर आयोजित क्षेत्रीय मड़ई देखने जा रहे थे।
वहीं, बाइक चालक देवेंद्र और बाइक पर सवार दशरथ पिता उदय राम (उम्र 17 वर्ष) को भी हल्की चोटें आई हैं। दोनों ग्राम केरी टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई है जिस पर मामले की जांच की जा रही है।