नगर निगम की सख्ती: बिना अनुमति गार्डन में कार्यक्रम पड़ा महंगा, निजी स्कूल पर ₹1 लाख का जुर्माना

निगमायुक्त के संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई, स्कूल को थमाया नोटिस

रेवांचल टाईम्स – जबलपुर। सार्वजनिक उद्यानों के अनधिकृत और व्यावसायिक उपयोग को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के संज्ञान में आया कि एक अशासकीय स्कूल द्वारा नगर निगम के शासकीय उद्यान में बिना अनुमति भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही निगमायुक्त ने तत्काल टीम भेजकर मौके की जांच करवाई और संबंधित स्कूल संचालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

गार्डन में बिना अनुमति टेंट-पंडाल, नियमों की खुली अनदेखी

जांच में सामने आया कि गढ़ा वार्ड अंतर्गत संजीवनी नगर स्थित साईं कॉलोनी के सार्वजनिक गार्डन में लक्ष्मीकांत मेमोरियल स्कूल द्वारा वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम के लिए टेंट, पंडाल और अन्य व्यवस्थाएं कर ली गई थीं, जबकि नियमानुसार नगर निगम के उद्यान विभाग से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। स्कूल प्रबंधन द्वारा किसी भी प्रकार की वैधानिक अनुमति या शुल्क जमा नहीं किया गया था।

मौके पर पहुंची निगम टीम, कार्यक्रम तत्काल रोका गया

सूचना मिलते ही उद्यान अधिकारी आलोक शुक्ला निगम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने कार्यक्रम को तत्काल रुकवाया और स्कूल संचालक के विरुद्ध मौके पर ही ₹1 लाख का भारी जुर्माना अधिरोपित किया।

जुर्माने का भुगतान तुरंत, दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस जारी

कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए स्कूल संचालक संजय श्रीवास्तव ने निगम की कार्रवाई को स्वीकार करते हुए जुर्माने की राशि का भुगतान चेक के माध्यम से तत्काल कर दिया। साथ ही स्कूल प्रबंधन को वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस भी जारी किया गया है।

स्पष्टीकरण संतोषजनक न हुआ तो रद्द होगी मान्यता

इस संबंध में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट किया कि यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो स्कूल की मान्यता रद्द करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान निगम अमला रहा मौजूद

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण दल प्रभारी बृज किशोर तिवारी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और शांति एवं व्यवस्था बनाए रखी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.