ग्राम पंचायत रैयत में आयोजित हुई ग्राम चौपाल,, यातायात सुरक्षा व महिला अपराधों पर हुआ जनसंवाद

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – बजाग, के ग्राम पंचायत रैयत में पुलिस प्रशासन द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही वाहन दुर्घटनाओं, सायबर ठगी, यातायात नियमों के उल्लंघन, महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों एवं पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के निराकरण को लेकर जनसंवाद स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
चौपाल में थानाप्रभारी शिवलाल मरकाम ने उपस्थित ग्रामीणजनों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तथा समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति धोखाधड़ी कर उनकी मेहनत की कमाई न छीन सके, इसके लिए एटीएम कार्ड से पैसा निकालते समय पूरी सावधानी बरतें, अपना पिन किसी से साझा न करें और संदिग्ध कॉल से बचें।
महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर थानाप्रभारी ने कहा कि नाबालिग बच्चियों को अनावश्यक बाहर न जाने दें, बच्चों के मोबाइल फोन उपयोग पर निगरानी रखें तथा रात्रि समय मोबाइल देने से बचें। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम को लेकर जागरूक रहने की अपील की गई।
यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण नियमों का उल्लंघन है। नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में दोपहिया वाहन न चलाने दें। शीघ्र ही पुलिस द्वारा घर-घर जाकर मोटरसाइकिलों के नंबर एवं हेलमेट सहित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। संबंधित एजेंसी से दो पहिया वाहन खरीदते समय दो हेलमेट की मांग करे । वही विक्रेता द्वारा निःशुल्क प्रदाय करना अनिवार्य है, ऐसा न करने पर संबंधित के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। पालकों से अपील की गई कि वे नाबालिगों को बाइक चलाने की अनुमति न दें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्टांप पेपर पर वाहन का लेनदेन करने से बचे । यह प्रक्रिया न्यायालय में मान्य नहीं है, अतः वाहन क्रय-विक्रय विधिसम्मत प्रक्रिया से ही करें।
नशामुक्ति पर जोर देते हुए कहा गया कि शराब एवं गांजा का सेवन करने से मस्तिष्क की चेतना अनियंत्रित हो जाती है, जिससे अपराध की प्रवृत्ति बढ़ती है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है।
चौपाल में आगामी 5 फरवरी से नगर में आयोजित होने वाली सात दिवसीय मड़ई को लेकर भी चर्चा की गई। मड़ई के दौरान व्यापारियों एवं मड़ई में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ग्राम पंचायत को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए कहा गया।
इस अवसर पर सरपंच शंकर धुर्वे, उपसरपंच मुरारी लाल साहू, जनपद सदस्य लोकेश पटेरिया, सचिव सुखराम उईके, रोजगार सहायक उमेश कुलदीप, प्रमोद साहू, यशवंत साहू, संतोष साहू सहित वार्ड पंच, मोबिलाइजर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे

Leave A Reply

Your email address will not be published.