नैनपुर क्षेत्र में अवैध रेत-गिट्टी परिवहन पर रोक लगाने गोंगपा ने उठाई मांग
रेवाँचल टाईम्स – मंडला, ज़िले के नैनपुर तहसील क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। नैनपुर एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में रेत और गिट्टी का परिवहन बिना रॉयल्टी एवं वैध अनुमति के ट्रैक्टरों और डंपरों के माध्यम से खुलेआम किया जा रहा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, नैनपुर इकाई ने इस अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (भू-राजस्व) को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने कहा कि तेज गति से दौड़ते डंपर और ट्रैक्टर सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। गोंगपा नेताओं ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है, पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि बिना रॉयल्टी के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को जप्त किया जाए। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अवैध खनिज व्यापार और दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा।