महाशिवरात्रि पर मंडला में आस्था का अद्भुत चमत्कार, 25 हजार रुद्राक्ष से बना 6 फीट ऊंचा शिवलिंग
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंडला नगर एक अद्भुत और ऐतिहासिक धार्मिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है।
दिनांक 15 फरवरी 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शन एवं पूजन हेतु 25,000 पवित्र रुद्राक्ष से निर्मित लगभग 6 फीट ऊँचा भव्य शिवलिंग भक्तों के लिए स्थापित किया जाएगा।
रुद्राक्ष से निर्मित शिवलिंग का सनातन धर्म में अत्यंत विशेष महत्व माना गया है।
मान्यता है कि रुद्राक्ष शिवलिंग की पूजा से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है,
आध्यात्मिक उन्नति होती है, आत्मा को शांति मिलती है,
नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस विशेष शिवलिंग का निर्माण जिला पंचायत मंडला के सामने स्थित हनुमान शेषनाग राम दरबार मंदिर में किया जा रहा है।
इस अद्भुत कलाकृति के सृजनकर्ता हैं मंडला जिले के सुप्रसिद्ध बॉटल आर्ट के बादशाह – भाई त्रिलोक सिंधिया।
गौरतलब है कि पिछली महाशिवरात्रि पर स्थानीय संसाधनों से तैयार किए गए शिवलिंग से प्रेरित होकर
भाई त्रिलोक सिंधिया ने यह संकल्प लिया था कि अगली महाशिवरात्रि पर
रुद्राक्ष से एक भव्य और अनोखा शिवलिंग तैयार करेंगे।
उनके इस संकल्प को साकार करने में मंदिर व्यवस्थापक सुधीर कांसकार एवं सहयोगी भक्तों ने
रुद्राक्ष एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
लगभग 25 हजार रुद्राक्ष से सुसज्जित यह शिवलिंग एक कलाकार की श्रद्धा, साधना और भावना का जीवंत स्वरूप है,
जो न केवल कला है बल्कि शिव भक्ति की अनुपम अभिव्यक्ति भी है।
महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर
भाई त्रिलोक सिंधिया के निवास से ढोल-नगाड़ों एवं भव्य शोभायात्रा के साथ
इस रुद्राक्ष शिवलिंग को
हनुमान शेषनाग राम दरबार मंदिर लाया जाएगा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर
श्रद्धालुओं को संत-महात्माओं द्वारा रुद्राक्ष प्रदान कर
धारण करने का सौभाग्य भी प्राप्त होगा,
जिसे संपूर्ण मानव जाति के लिए एक दिव्य वरदान माना जाता है।
मंदिर व्यवस्थापक सुधीर कांसकार सदैव कलाकारों को प्रोत्साहित करते आए हैं,
और उन्हीं के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह अनुपम रुद्राक्ष शिवलिंग
आज जन-जन के दर्शन हेतु साकार हुआ है।
हम इस अद्भुत धार्मिक और कलात्मक प्रयास को जन-जन तक पहुँचाकर
कलाकार का उत्साहवर्धन करें।
समस्त शिव भक्तों एवं श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रण
कि इस महाशिवरात्रि पर
रुद्राक्ष से निर्मित इस दिव्य शिवलिंग के दर्शन कर
भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
🕉️ ओम नमः शिवाय… ओम नमः शिवाय… ओम नमः शिवाय