सांदीपनी विद्यालय घुघरी में अतिथि शिक्षक पर अमर्यादित टिप्पणी का आरोप, छात्राओं का विरोध

जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने दी पुलिस कार्रवाई की चेतावनी

9


मंडला।जिले के शासकीय सांदीपनी विद्यालय, घुघरी में एक अतिथि शिक्षक द्वारा कक्षा 10वीं की छात्राओं के साथ कथित रूप से अभद्र व अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित छात्राओं ने विद्यालय प्राचार्य को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छात्राओं का आरोप: पूरी कक्षा के सामने अपमान
शिकायत पत्र के अनुसार, अतिथि शिक्षक बिजेंद्र झारिया पर आरोप है कि उन्होंने छात्राओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और एक छात्रा को पूरी कक्षा के सामने अपमानित किया। इससे छात्रा की गरिमा को ठेस पहुंची और वह मानसिक रूप से आहत हुई। शिकायत का समर्थन कक्षा की अन्य छात्राओं ने भी हस्ताक्षर कर किया है।
प्रशासन का बयान: आरोपी शिक्षक को हटाया जाएगा
मामले पर सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता ने संज्ञान लेते हुए कहा,
“इस संबंध में अब प्राचार्य के माध्यम से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अतिथि शिक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटाया जाएगा।”
राजनीतिक प्रतिक्रिया: लापरवाही बर्दाश्त नहीं
इस प्रकरण ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने कड़ा रोष जताते हुए कहा,
“मैं पहले ही ऐसे शिक्षकों को हटाने के निर्देश दे चुका हूँ, लेकिन क्षेत्रीय संयोजक मंडला विष्णु सिंगोर की लापरवाही से इन्हें संरक्षण मिल रहा है। बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।”
छात्राओं में भय और आक्रोश
छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में सुरक्षित वातावरण मिलना उनका अधिकार है, लेकिन इस तरह के व्यवहार से वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रही हैं। परीक्षा सिर पर है और ऐसे समय में शिक्षकों का रूखा रवैया बच्चों के भविष्य पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शिक्षा विभाग के अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को समय रहते हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि शिक्षक मनमानी पर अंकुश लगे और बच्चे बिना भय के अपनी परीक्षाएं दे सकें।
इनका कहना है
“मैंने सीएम मैडम से बात की है। ऐसे आरोपी शिक्षक को जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए, जो शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर रहे हैं।”
— संजय कुशराम, जिला पंचायत अध्यक्ष, मंडला

Leave A Reply

Your email address will not be published.