उड़ीसा से राजस्थान तक गांजा तस्करी का भंडाफोड़, मण्डला पुलिस की बड़ी सफलता
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त, सप्लायर-खरीददार सहित 07 आरोपी गिरफ्तार
दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, पुलिस अधीक्षक मण्डला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन एवं निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी बम्हनी एवं चौकी प्रभारी अंजनिया द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए गांजा की संगठित अंतर्राज्यीय सप्लाई चेन को पूर्णतः ध्वस्त करने में मण्डला पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
*घटना का प्रारंभिक विवरण-*
दिनांक 25/01/2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर मटरू ढाबा के आगे पुलिया, थाना अंजनिया क्षेत्र से 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹20 लाख है, जप्त किया गया। उक्त मामले में ट्रक चालक राजेन्द्र पिता अमरचन्द्र के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
*राजस्थान तक फैली कार्रवाई-*
आरोपी की तलाश हेतु गठित पुलिस टीमों द्वारा राजस्थान के बारा, झालावाड़ एवं कोटा में दबिश दी गई। विवेचना के दौरान गांजा तस्करी में संलिप्त ट्रक चालक, ट्रक कंडक्टर एवं खरीददार सहित कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ट्रक चालक एवं एक खरीददार को 07 दिवस की पुलिस रिमाण्ड पर लेकर पूछताछ की गई।
*उड़ीसा से सप्लायर की गिरफ्तारी-*
गिरफ्तार आरोपियों की निशादेही पर मण्डला पुलिस द्वारा जिला बरगढ़ (उड़ीसा) से गांजा बेचने वाले मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया, जो पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है।
कोटा (राजस्थान) से दो और आरोपी गिरफ्तार-
सप्लायर एवं अन्य आरोपियों से की गई विस्तृत पूछताछ के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर कोटा (राजस्थान) निवासी जमील एवं बबलू नामक 02 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि उक्त दोनों आरोपी ट्रक के माध्यम से उड़ीसा से गांजा लाकर कोटा में बेचने की योजना में सक्रिय रूप से शामिल थे। यह भी ज्ञात हुआ कि दोनों आरोपी पूर्व में भी गांजा तस्करी के अपराधों में लिप्त रहे हैं। दोनों को पुलिस रिमाण्ड पर लेकर पूछताछ जारी है, जिससे सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी मिलने की संभावना है।