जुए पर बिछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों की नगदी व वाहन जब्त,
मंडला में जुए के अड्डे पर छापा — ₹19 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला।जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भुआ बिछिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जुए के एक संगठित अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस कार्रवाई में ₹19 लाख से अधिक की नगदी व संपत्ति जब्त की गई है, जबकि 07 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। वहीं 04 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में अवैध जुए के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 08/02/2026 की मध्य रात्रि को पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि थाना भुआ बिछिया अंतर्गत ग्राम फोंक सिझौरा में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद उप पुलिस अधीक्षक सतीष चतुर्वेदी (महिला सुरक्षा मंडला), प्रभारी एसडीओपी बिछिया के नेतृत्व में 04 अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से की गई छापामार कार्रवाई के दौरान उमेश राय उर्फ मुनिया के घर से जुआ खेलते हुए 07 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
वैभव मिश्रा – निवासी बिछिया
संजय चौकसे – निवासी बरगी
आनंद बंदेवार – निवासी बम्हनी
राजेश खमपरिया – निवासी बरगी
फरीद अली – निवासी परवाडा
सचिन उद्दे – निवासी बम्हनी बंजर
राजकुमार उर्फ राजा – निवासी अंजनिया
जांच के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर यह भी सामने आया कि
अतुल कटारे (बिछिया)
महेश बंजारा (बम्हनी)
अलाल कसार (बिछिया) — जुआ खिलाने व नाल काटने वाला
उमेश राय उर्फ मुनिया (फोंक सिझौरा)
अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
जब्त सामग्री
नगद राशि: ₹3,21,200/-
मोबाइल फोन: 08 नग
वाहन: 04 नग
कुल अनुमानित मूल्य: ₹19,01,200/- (लगभग)
उक्त प्रकरण में गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम एवं धारा 49 बीएनएस के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।