सांदीपनि विद्यालय चाबी ने मारी बाजी, दो विद्यार्थी राज्य स्तर के लिए चयनित

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं पर्यावरण विषयों के अंतर्गत विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएँ जनशिक्षा केंद्र, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर तथा संभाग (जोन) स्तर पर आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विकास खंड मोहगाँव अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय चाबी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय की कक्षा सातवीं के छात्रा निधिश शुक्ला ने सेमिनार (विषय_ प्लास्टिक प्रदूषण कम करना) एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेते हुए सेमिनार में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने मंडला जिले को द्वितीय स्थान प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
इसी प्रकार छात्रा आयुषी प्रजापति कक्षा आठवी ने इतिहास विषय के अंतर्गत सिंधु घाटी सभ्यता पर आकर्षक एवं शोधपरक मॉडल तैयार कर संभाग (जोन) स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनके मॉडल की प्रस्तुति एवं विषय की गहन समझ की सराहना निर्णायकों द्वारा की गई।
उल्लेखनीय है कि दोनों विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि कविंद्र शाह कोकड़े माध्यमिक शिक्षक के मार्गदर्शन में प्राप्त की। प्राचार्य जोध सिंह धुर्वे ने बताया कि इन दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर (भोपाल) प्रतियोगिता हेतु किया गया है तथा राज्य स्तर की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। राज्य स्तर से जैसे ही आदेश प्राप्त होंगे, विद्यालय की टीम को भोपाल के लिए रवाना किया जाएगा।
विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।