मोहगांव में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
106.92 लीटर शराब व इनोवा क्रिस्टा जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार — एक फरार
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। मोहगांव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 फरवरी 2026 को कुल 106.92 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जप्त की है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा कार (क्रमांक MP-18 BB-2251) को भी कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने मौके से निशांत करमंडे (झारिया) पिता स्व. रामकुमार झारिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी राम मंदिर के पास रामनगर, थाना महाराजपुर, जिला मंडला को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में अभिषेक गोड़, निवासी कटरा मंडला फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
जप्त शराब की अनुमानित कीमत ₹67,620 तथा वाहन की अनुमानित कीमत करीब ₹23 लाख बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।