नगरपालिका में कांग्रेस पार्षद का हाई वोल्टेज ड्रामा; टेबल पटकी, कुर्सी को मारी लात

​जल संकट की बैठक में हंगामा: भाजपा जनप्रतिनिधियों से अभद्रता, थाने पहुंची एफआईआर

17

 

रेवांचल टाइम्स ​जुन्नारदेव|नगरपालिका कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब कांग्रेस पार्षद अरुणेश जायसवाल पर नपा उपाध्यक्ष और भाजपा नेताओं के साथ खुलेआम बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगे। घटना के बाद आक्रोशित भाजपा जनप्रतिनिधियों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


​शासकीय मर्यादा को किया तार-तार
​प्रत्यक्षदर्शियों और भाजपा नेताओं के अनुसार, पार्षद अरुणेश जायसवाल ने नपा अध्यक्ष के केबिन में घुसकर न केवल शासकीय गरिमा का उल्लंघन किया, बल्कि मेज पर हाथ पटकते हुए खाली कुर्सी को लात भी मारी। बताया जा रहा है कि इस दौरान वे धमकी भरे लहजे में वीडियो भी बना रहे थे। नगरपालिका अध्यक्ष रमेश सालोड़े ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संबंधित पार्षद का व्यवहार हमेशा से हिंसक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य कांग्रेस की महिला विरोधी और एससी/एसटी समुदाय के प्रति असम्मानजनक मानसिकता को दर्शाता है।

​जल संकट पर चर्चा होनी थी, हंगामे की भेंट चढ़ी बैठक
​विवाद उस समय शुरू हुआ जब मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) ने शहर में गहराते जल संकट से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी। बैठक में जल समस्या के समाधान पर कार्ययोजना बनाई जानी थी। लेकिन एकाएक हुए इस हंगामे के कारण बैठक को रद्द करना पड़ा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पार्षद जायसवाल दरवाजे पर लात मारकर और कुर्सी फेंकते हुए वहां से निकल गए।

​थाने में शिकायत, कड़ी कार्रवाई की मांग
​घटना से आक्रोशित भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी के नेतृत्व में थाने पहुंचा। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस पार्षद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
​इनका कहना हैl
​”नगरपालिका में आगामी जल संकट को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष और सीएमओ से चर्चा करने गया था। इसी दौरान कांग्रेस पार्षद अरुणेश जायसवाल ने जबरन हस्तक्षेप कर बदसलूकी की। हमने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।”विवेक चंद्रवंशी, मंडल अध्यक्ष, भाजपा जुन्नारदेव

​”थाने में शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच के उपरांत उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
जागोतिन मसराम, थाना प्रभारी, जुन्नारदेव

Leave A Reply

Your email address will not be published.