शिक्षक की हैवानियत! शासकीय स्कूल के बच्चों को लाठी से बेरहमी से पीटा, ग्रामीणों ने की शिकायत
छपारा के शासकीय प्राथमिक शाला करेली का मामला; शिक्षक महफूज अंसारी पर कार्रवाई और तबादले की मांग

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा विकासखंड से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला अंतर्गत प्राथमिक शाला में करेली में पदस्थ एक शिक्षक पर कक्षा 5वीं के मासूम छात्रों के साथ लाठी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
घटना बीते कल यानी 17 फरवरी की बताई जा रही है। ग्रामीणों द्वारा विकासखंड अधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, शिक्षक महफूज अंसारी ने मासूम बच्चों को लाठी से इतनी बेरहमी से पीटा कि उनके शरीर पर लाठी के निशान उभर आए हैं। डरे-सहमे बच्चे अब उस शिक्षक की क्लास में बैठने से भी कतरा रहे हैं और रो-रोकर अपनी आपबीती सुना रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है।
आक्रोशित ग्रामवासियों ने संकुल केंद्र केकड़ा के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि उक्त शिक्षक पर तत्काल उचित कार्रवाई की जाए और उसका स्थानांतरण कर स्कूल में किसी अन्य शिक्षक की व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों का भविष्य और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।