शहर की गलियों में सड़ता कचरा, नगर पालिका की सफाई व्यवस्था फेल कर वसूली जारी – सफाई गायब, बीमारियों का बढ़ा खतरा

8

 

दैनिक रेवांचल टाइम्स, सिवनी।
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जो नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कई स्थानों पर दिनों-दिन कचरा नहीं उठने से हालात बदतर होते जा रहे हैं और आमजन को गंदगी, बदबू और संक्रमण के खतरे के बीच जीवन यापन करना पड़ रहा है।
सड़कों किनारे सड़ता हुआ कचरा न केवल वातावरण को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि यह मच्छरों और आवारा पशुओं का अड्डा बन चुका है। कचरा संग्रहण की अनियमितता के कारण पशु उसे गलियों और सड़कों पर फैलाकर गंदगी को और बढ़ा रहे हैं। नमी और बरसात के मौसम में यही हालात डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों को खुला न्योता दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों में नगर पालिका के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब नियमित रूप से कर और स्वच्छता शुल्क वसूला जा रहा है तो साफ-सफाई देना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पर कोई ठोस मॉनिटरिंग नहीं दिखाई दे रही और न ही लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई हो रही है।
शहरवासियों ने मांग की है कि कचरा उठान की नियमित व्यवस्था बनाई जाए, वार्डवार निगरानी बढ़ाई जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो शहर की पहचान गंदगी से होगी और इसका सीधा असर नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि नगर पालिका प्रशासन गंदगी के इन ढेरों पर कब तक आंख मूंदे बैठा रहेगा और स्वच्छ शहर के दावों को जमीन पर उतारने के लिए क्या ठोस कदम उठाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.