तेज रफ्तार डम्पर ने ली 19 वर्षीय युवक की जान, ड्यूटी से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बम्हनी बंजर रोड पर तेज गति से आ रहे डम्पर ने 19 वर्षीय युवक देवशाह मरकाम को टक्कर मार दी और उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस के अनुसार धनोरा (जिला सिवनी) निवासी देवशाह मरकाम मंडला के बरबसपुर गांव स्थित एक रेत खदान में हेल्पर का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने साथियों के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान बम्हनी बंजर रोड पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवशाह उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और डम्पर चालक उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। युवक को डम्पर के नीचे आते देख उसके साथियों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात डम्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बम्हनी बंजर रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से हादसों का कारण बन रही है, लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार चालक की पहचान में जुटी है।