TET परीक्षा को लेकर शिक्षक कांग्रेस का विरोध, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मंडला। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के आवाह्न पर जिला शिक्षक कांग्रेस मंडला ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
दैनिक रेवांचल टाईम्स के अनुसार, जिला शिक्षक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपे गए ज्ञापन में TET परीक्षा के आयोजन का विरोध करते हुए इसे शिक्षकों के साथ अन्यायपूर्ण बताया। उनका कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर इस प्रकार की अनिवार्यता थोपना उचित नहीं है।
इस अवसर पर शिक्षक कांग्रेस के जिला सचिव श्याम नगरे, कोषाध्यक्ष अनिल वर्मा सहित अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि शासन इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकाले।
शिक्षक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी।