जल संकट से जूझ रहा किकरामाल गांव, पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण
दैनिक रेवांचल टाईम्स | मंडला मंडला जिले के विकासखंड मवई अंतर्गत ग्राम पंचायत खलोडी की पोषक ग्राम किकरामाल में इन दिनों भीषण जल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों को शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन (नल-जल योजना) का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि गांव में नल-जल योजना पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है। गर्मी की शुरुआत होते ही हालात और बिगड़ गए हैं, जिसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विद्युत विभाग द्वारा योजना की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। इसके चलते पानी सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है और गांव के लोग गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक उपयोग (निस्तार) के लिए भी पानी की भारी किल्लत बनी हुई है।
गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द पानी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि उन्हें इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।