ग्राम औढ़ारी में पीएम श्री विद्यालय सिंगारपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का हुआ शुभारंभ

दैनिक रेवांचल टाईम्स, मंडला:खेल एवं युवा मंत्रालय भारत सरकार एवं उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के परिपालन में तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर एवं पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला के मार्गदर्शन में पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगारपुर द्वारा संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम औढ़ारी स्थित बालक आश्रम शाला में प्रारंभ हुआ। यह शिविर 24 मार्च 2026 से 30 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ 24 मार्च को बालक आश्रम औढ़ारी परिसर में विधिवत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बड़झर के सरपंच संतु लाल कुलस्ते उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य जयकुमार बैरागी ने की। विशिष्ट अतिथियों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ए. जैन एवं नारायण सिंह भवेदी सहित एसएमडीसी के सदस्य, बालक आश्रम अधीक्षक पर्वत लाल तेकाम, विद्यालय के शिक्षकगण, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत एनएसएस बैज एवं केप पहनाकर किया गया। स्वयंसेवकों को भी टी-शर्ट, केप एवं बैज प्रदान कर शिविर के लिए उत्साहित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा लक्ष्य गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि संतु लाल कुलस्ते ने विद्यार्थियों को समाजसेवा के लिए प्रेरित किया, वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी ए. जैन ने अपने उद्बोधन में एनएसएस के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, सामाजिक चेतना, नेतृत्व कौशल एवं राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित किया। विशिष्ट अतिथि नारायण सिंह भवेदी ने भी एनएसएस के उद्देश्यों और सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सेवा भावना अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी अशोक वरकड़े द्वारा शिविर की रूपरेखा एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। शिविर के प्रथम दिवस स्वयंसेवकों ने परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया, गड्ढों को मुर्रम से भरकर समतलीकरण किया तथा परिसर की लिपाई-पुताई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके साथ ही “नशा मुक्त गांव, नशा मुक्त देश” जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने जनजागरूकता रैली निकालकर एवं गीत-नृत्य के माध्यम से ग्रामीणों को नशा मुक्ति का संदेश दिया।
शिविर के पहले ही दिन विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और सेवा भाव ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह आयोजन आने वाले दिनों में समाज जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनेगा।