आबकारी की छत्रछाया में लूट का खेल!” — मंडला में शराब दुकानों पर MRP से ज्यादा वसूली, जिम्मेदार मौन

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडलामंडला जिले में नई आबकारी नीति 2026-27 के तहत हुए शराब दुकानों के टेंडर अब आम जनता के लिए खुली लूट का जरिया बनते नजर आ रहे हैं। जहाँ जिले के भुआ बिछिया, बम्हनी, मवई, हिरदेनगर, चिरईडोगरी, अजनिया सहित करीब 13 शराब दुकानों में ठेकेदारों की मनमानी चरम पर है, जहां देशी-विदेशी शराब खुलेआम एमआरपी (MRP) और एमएसपी (MSP) से अधिक दामों पर बेची जा रही है।
पर सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल आबकारी विभाग के संरक्षण में चल रहा है। आरोप है कि बिलासपुर के ठेकेदार और उसके मैनेजर द्वारा ग्राहकों से एक-एक बोतल पर 50 रुपये से लेकर 200 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है, और जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
वही भुआ बिछिया की शराब की दुकान पर, खुली लूट मची हुई हैं जहाँ बोल्ड कंपनी की बीयर जिस पर एमएसपी 147 रुपये और एमआरपी 170 रुपये अंकित है, वही बीयर दुकानों से 230 रुपये तक में बेची जा रही है। यह सीधा-सीधा उपभोक्ता अधिकारों का हनन और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने जैसा है।
बड़ा सवाल यह है कि— क्या आबकारी विभाग ने ठेकेदारों को मनमानी वसूली की खुली छूट दे दी है?
क्या प्रशासन को इस अवैध वसूली की जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?
आखिर आम जनता से इस तरह की लूट कब तक जारी रहेगी?
जब सरकार पारदर्शिता और नियमों की बात करती है, तब जमीनी हकीकत यह है कि शराब दुकानों में खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के बजाय संरक्षण देते नजर आ रहे हैं।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है, या फिर यह लूट का खेल यूं ही जारी रहेगा।