बिना कनेक्शन थमा दिया लाखों का बिल — विद्युत विभाग की मनमानी से त्रस्त ग्राम पंचायत
जनसुनवाई तक पहुँचा मामला, जिम्मेदारों पर उठे सवाल

रेवांचल टाइम्स, घुघरी (मंडला)मंडला जिले के घुघरी तहसील क्षेत्र में इन दिनों विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मेंटनेंस के नाम पर बार-बार बिजली गुल करना और बिना सूचना घंटों सप्लाई बंद रखना तो आम बात हो गई है, लेकिन अब विभाग की मनमानी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

ग्राम पंचायत देवहारा के सरपंच हरिश्चंद्र मरकाम ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पंचायत को बिना ट्रांसफार्मर लगाए और बिना विधिवत विद्युत कनेक्शन दिए ही लाखों रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस नल-जल योजना के नाम पर यह बिल जारी किया गया, उसका आज तक पूर्णता प्रमाण पत्र भी जारी नहीं हुआ है। यानी न तो योजना पूरी तरह संचालित है और न ही पंचायत को आधिकारिक रूप से विद्युत कनेक्शन प्राप्त हुआ है, इसके बावजूद विभाग द्वारा मनमाने तरीके से भारी भरकम बिल जारी कर दिया गया।
सरपंच का साफ कहना है कि जब कनेक्शन ही नहीं दिया गया, तो आखिर यह बिल किस आधार पर बनाया गया? यह सीधा-सीधा प्रशासनिक लापरवाही या फिर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
मामले को लेकर सरपंच हरिश्चंद्र मरकाम ने कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की है कि बिना कनेक्शन जारी किए गए इस फर्जी और मनमाने बिल को तत्काल निरस्त किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
वही अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बिना सेवा दिए ही वसूली का यह खेल खुलेआम जारी रहेगा? और क्या प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
इनका कहना है
“मेरे द्वारा विद्युत बिल के संबंध में जनसुनवाई में शिकायत की गई है। बिना कनेक्शन के लाखों के बिल को निरस्त किया जाए।”
— हरिश्चंद्र मरकाम, सरपंच, ग्राम पंचायत देवहारा