मंडला में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से पति की मौत, पत्नी गंभीर
मंडला। जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर बबैहा पुल के पास बुधवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक दंपती की जिंदगी पलभर में बदल गई जहां पति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुझारी गांव निवासी 50 वर्षीय रामचरण मरकाम अपनी पत्नी धनवती मरकाम के साथ खेत से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बबैहा पुल के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि रामचरण मरकाम उछलकर पुल के नीचे बह रहे नाले में जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद नाले से उनका शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल धनवती मरकाम को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर में गहरी चोट आई है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार बनी जानलेवा
नेशनल हाईवे-30 पर लगातार हो रहे हादसे एक बार फिर रफ्तार के कहर की ओर इशारा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग की है।