मशहूर चित्रकार सैयद हैदर रज़ा की स्मृति में रज़ा स्मृति – 2025 का शुभारंभ आज

होटल बालाजी में हुआ स्क्रैप से मूर्तिकला शिविर की हुई शुरुआत

रज़ा स्मृति में दिखेगा कला व साहित्य का अनोखा समागम

रेवांचल टाईम्स – मंडला शनिवार को विश्व प्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रज़ा की स्मृति में रज़ा फाउण्डेशन नई दिल्ली द्वारा पांच दिवसीय रज़ा स्मृति – 2025 का शुभारंभ किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस रज़ा स्मृति में कला व साहित्य का अनोखा समागम देखने को मिलेगा। रज़ा स्मृति – 2025 का शुभारंभ 19 जुलाई 2025, दिन शनिवार की शाम 4 बजे सैयद हैदर रज़ा मार्ग स्थित रज़ा कला वीथिका में होगा। रज़ा स्मृति के औपचारिक शुभारम्भ के पहले बालाजी होटल में स्क्रैप से मूर्तिकला शिविर की शुरुआत की गई। इसमें मूर्तिकार नरेंद्र देवांगन, जितेंद्र साहू, सुमित वर्मा और अमित कुमार सिन्हा स्क्रैप (कबाड़) से मूर्ति तैयार करेंगे। सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा व गजेंद्र सोनी ने सभी अतिथि कलाकारों का स्वागत कर शिविर की शुरुआत की।

जिला न्यायालय के सामने स्थित रज़ा कला वीथिका में रज़ा स्मृति – 2025 का आयोजन 19 जुलाई से 23 जुलाई तक चलेगा। इसमें सुबहः 11:00 बजे से शामः 6:00 बजे तक चित्रकला कार्यशाला, माटी पर रंग और छाते पर रंग का आयोजन किया गया है। इसमें चित्रकारी के शौकीन आकर चित्रकारी कर सकेंगे। इस कार्यशाला में आशीष कछवाहा, अशोक सोनवानी,गरिमा ताम्रकार और भीखम प्रजापति कलाकार बतुर कलाकार उपस्थित रहेंगे। 19 से 23 जुलाई 2025 तक माहिष्मती (रपटा) घाट व रज़ा कला वीथिका, मण्डला में मंडला व पाटनगढ़ के गोंड कलाकार रामकुमार श्याम, सुनील श्याम, फुलचन्द धुर्वे ,विजय उईके, किशन उईके, संतोष श्याम, अनुज तेकाम टामशीराम परस्ते, संजय पंचेश्वर, राधेश्याम खैरवार गोंड चित्रकारी करंगे। रज़ा समृति में नागपुर कॉलेज ऑफ़ आर्ट के कलाकार भी शामिल हो रहे है। रज़ा स्मृति की सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत 20 जुलाई 2025 की शाम 7:15 से शुरू होगी। झंकार भवन में रानू चंद्रौल व जगदीश कछवाहा के शिष्यों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

21 जुलाई 2025, दिन सोमवार की सुबह 11:00 बजे से झंकार सभागार में काव्य पाठ का आयोजन किया गया है। इसमें अरुण कमल, आशुतोष दुबे, तेजी ग्रोवर,
संगीता गुंदेचा, पवन करण, रश्मि भारद्वाज, सुशीला पुरी, व्योमेश शुक्ल, सत्यव्रत रजक काव्य पाठ करेंगे। दूसरे सत्र में कविता का अरण्य में चर्चा होगी। इसमें ज्योतिष जोशी, विनोद तिवारी, प्रभात रंजन, अरुण होता, अजित कुमार राय, व्योमेश शुक्ल शामिल होंगे। सांस्कृतिक संध्या के तहत 21 जुलाई 2025, दिन सोमवार की शाम 7:15 रानी दुर्गावती महाविद्यालय के सभागार में भरतनाट्यम व ओडिसी नृत्य की अनोखी जुगलबंदी देखने को मिलेगी। इस प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आरोही मुंशी व प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना अरुणिमा घोष अपनी भारतीय शास्त्रीय नृत्य कला का प्रदर्शन करेंगी।

22 जुलाई 2025, दिन मंगलवार की सुबह 11:00 बजे से झंकार सभागार में आयोजित काव्य पाठ में कवि सुंदर चंद ठाकुर, पराग पावन, शैलेय, जोशना बैनर्जी आडवानी, बाबुषा कोहली, पूनम अरोड़ा, अजित कुमार राय शिरकत करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में 22 जुलाई 2025 की शाम 7:15 बजे विश्व प्रसिद्ध नाटक “राम की शक्ति पूजा” का मंचन रानी दुर्गावती महाविद्यालय के सभागार में होगा। इस नाटक का निर्देशन व्योमेश शुक्ल करेंगे। रज़ा स्मृति 2025 के आयोजन में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद्, मण्डला, इनर वोइस सोसाइटी, नागपुर कॉलेज ऑफ आर्ट बतौर सहयोगी शामिल है। रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने सभी कला प्रेमियों से रज़ा स्मृति के विभिन्न आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.