नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत मंडला जिले में विविध जन-जागरूकता गतिविधियाँ

छात्रावासों, ग्राम सभाओं एवं खेल आयोजनों में नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई

रेवांचल टाईम्स – मंडला, 27 जुलाई 2025 पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई 2025 तक चल रहे “नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज मंडला जिले में विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नगरपालिका टाउन हॉल मंडला में ओपन वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के अवसर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, उन्हें समाज में नशामुक्त वातावरण निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया गया।

शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास मंडला (कटरा पंचायत) में भी आज नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

चौकी मनेरी द्वारा सीनियर कन्या छात्रावास एवं शिव मंदिर भबेरा में उपस्थित छात्राओं एवं ग्रामीणों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आपराधिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित हुआ।

थाना नैनपुर के ग्राम पंचायत धमनगांव में थाना प्रभारी बलदेव सिंह मुजालदा, एएसआई यशवंत रहंगडाले एवं आरक्षक सुरेश जैतवार द्वारा ग्रामीणों को नशे के प्रति जागरूक कर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण की अपील की गई।

थाना बीजाडांडी द्वारा खुटपड़ाव स्थित बालक छात्रावास में नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम समझाए गए और उन्हें समाज में इसके प्रचार करने हेतु प्रेरित किया गया।

चौकी अंजनिया अंतर्गत बालक छात्रावास मानिकपुर में विद्यार्थियों व स्टाफ को नशे से दूर रहने एवं व्यक्तिगत विकास हेतु शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

थाना महाराजपुर के सामने जवाहरलाल नेहरू उत्तर माध्यमिक शाला के वॉलीबॉल ग्राउंड में आयोजित खेल सत्र में खिलाड़ियों को नशे से दूरी है जरूरी अभियान की जानकारी दी गई और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

थाना बिछिया द्वारा एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी के निर्देशन में बालक छात्रावास कल्याण आश्रम में विद्यार्थियों व स्टाफ के बीच नशा मुक्ति शपथ दिलाई गई। उन्हें नशे से होने वाले दुष्परिणाम, नशा मुक्ति केंद्रों की जानकारी एवं हेल्पलाइन नंबर प्रदान किए गए। ग्राम केरेगांव एवं ग्राम आमाटोला में भी पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को नशे से दूर रहने हेतु जागरूक किया गया एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

वही इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को न केवल नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु अपने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.