भाजपा ने पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया कारगिल विजय दिवस, शहीदों को किया नमन

 

मंडला सहित जिलेभर में शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, साफ-सफाई कर दी गई श्रद्धांजलि

रेवांचल टाईम्स – मंडला देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भारतीय जनता पार्टी द्वारा संपूर्ण देश में कारगिल विजय दिवस (26 जुलाई) को विशेष श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। मंडला जिले में भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न मंडलों, गांवों एवं शहीद स्मारकों पर पहुंचकर वहां साफ-सफाई की, शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और वीरगति को प्राप्त जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी तारतम्य में मंडला जिले के विकासखंड बीजाडांडी ग्राम चरगांव निवासी शहीद गिरजेश कुमार उददे, जिन्होंने 19 अगस्त 2022 को त्रिपुरा-बांग्लादेश सीमा पर देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की थी, उन्हें इस अवसर पर विशेष श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश सरकार के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री और मंडला जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल स्वयं ग्राम चारगांव पहुंचे और शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
भावुक क्षणों में उन्होंने कहा शहीद गिरजेश कुमार उददे जैसे जवान हमारे देश की असली ताकत हैं। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह बलिदान हम कभी नहीं भूल सकते। हम सभी का कर्तव्य है कि उनके आदर्शों को आगे बढ़ाएं और उनके परिवार का हरसंभव सम्मान व सहयोग करें।

भाजपा हमेशा शहीद परिवारों के साथ प्रफुल्ल मिश्रा

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा भारतीय जनता पार्टी सिर्फ राष्ट्रवाद की बात नहीं करती, उसे निभाती भी है। पार्टी हमेशा शहीद परिवारों के साथ खड़ी रही है। केंद्र सरकार द्वारा ऐसे परिवारों को न केवल एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है, बल्कि उनके परिजनों को सरकारी नौकरी देकर उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी दिया जाता है। यह भाजपा की नीति है कि देश के लिए बलिदान देने वालों को सर्वोच्च सम्मान मिले।

शहीद गिरजेश कुमार उददे को प्रभारी मंत्री ने दी श्रद्धांजलि

मंडला जिले के विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम चारगांव में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्यमंत्री एवं मंडला जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने वीर शहीद गिरजेश कुमार उददे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। भावुक क्षणों में उन्होंने शहीद को याद करते हुए कहा देश की सीमाओं पर खड़े होकर जिन वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी, वे केवल एक परिवार के नहीं, पूरे देश के गौरव हैं। शहीद गिरजेश कुमार उददे जैसे वीर सपूतों की शहादत को देश कभी भुला नहीं सकता। उनके बलिदान को हम सबका नमन है। ऐसे शहीदों की वजह से ही हम सब सुरक्षित हैं। प्रभारी मंत्री ने परिजनों को पुष्पमाला पहनाकर, शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया और आश्वस्त किया कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ है।

मंडला में शहीद उदय चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण

मंडला जिला मुख्यालय स्थित उदय चौक में प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने शहीद उदय चंद की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के परिजनों को शॉल, श्रीफल और माला पहनाकर ससम्मान नमन किया।
इस दौरान मंत्री ने शहीद के परिवारजनों से संवाद कर उनके बलिदान की गाथा सुनी और कहा देश के लिए मर मिटने वाले अमर रहते हैं, उनका नाम इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाता है। हम सबको उनके पदचिह्नों पर चलकर देश सेवा के मार्ग पर बढ़ना चाहिए।

जिलेभर में चला श्रद्धांजलि एवं स्वच्छता अभियान

भाजपा द्वारा आयोजित इस अभियान के अंतर्गत मंडला जिले के सभी मंडलों और गांवों में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारकों की साफ-सफाई कर वहां माल्यार्पण किया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी देखने को मिली। हर गली, चौक और गांव में शहीदों के सम्मान में देशभक्ति की गूंज सुनाई दी।
वही कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम सहित जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष सहित नगर के कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.